नवोदय स्कूल में बेटे की पिटाई से परेशान:कन्नौज में पिता बोले- बेटे को नहीं भेज सकते स्कूल, कटवा लेंगे नाम
कन्नौज के जवाहर नवोदय विद्यालय में सीनियर छात्रों की पिटाई से कक्षा 7 के छात्र के पिता परेशान हैं। उन्होंने बेटे को स्कूल न भेजने का फैसला कर लिया। पीड़ित छात्र के पिता ने बताया कि नवोदय स्कूल के सीनियर छात्र निरंकुश है और मेरे बेटे के साथ कुछ भी गलत कर सकते हैं।
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के पचौर गांव निवासी संजीव कुमार का बेटा शौर्य प्रताप नवोदय विद्यालय में कक्षा 7 का छात्र है। विद्यालय के 12वीं क्लास के एक छात्र का मोबाइल छू लेने पर वह लोग भड़क गए और कक्षा 7 के छात्र को हाउस में ले जाकर बुरी तरह पीट दिया। इस मामले की शिकायत पीड़ित छात्र के पिता ने नवोदय विद्यालय के प्रिंसिपल सन्देश कुमार पांडेय, गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी ध्यानेन्द्र प्रताप सिंह और एसपी विनोद कुमार से की, लेकिन दूसरे दिन तक आरोपी छात्रों पर कोई कार्यवाही नहीं की गई।
जिसको लेकर कक्षा 7 का छात्र भयभीत है। पिता संजीव कुमार ने भावुक होते हुए बताया कि उनका अकेला बेटा और वह उसको खतरे में नहीं डाल सकते। क्योंकि नवोदय स्कूल के कुछ सीनियर छात्र निरंकुश है और वह लोग आए दिन किसी न किसी छात्र की पिटाई कर के दहशत का माहौल बनाए रखते हैं। इसलिए वह अब नवोदय विद्यालय में अपने बेटे को नहीं भेजेंगे, भले ही उसकी एक साल की पढ़ाई रोकनी पड़ जाए। आगे की पढ़ाई के लिए किसी प्राइवेट स्कूल में एडमिशन कराएंगे।
समझौते का डाला जा रहा दबाव
पीड़ित छात्र के पिता ने बताया कि घटना के बाद से उनके पास कई लोगों की कॉल आई और वह समझौते का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने कहाकि छोटे-छोटे बच्चों के साथ विद्यालय में रैगिंग हो रही, जिसको रोकने के कोई प्रयास नहीं किए जा रहे। अगर यही हाल रहा तो लोग नवोदय विद्यालय में अपने बच्चों को भेजने से डरेंगे।
