राशन कार्ड लाभार्थियों के लिए आधार सीडिंग जरूरी, नहीं कराने पर हटेगा नाम
किशनगंज में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक में डीएम ने राशन कार्ड धारकों के लिए आधार सीडिंग और ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया।
किशनगंज : जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षात्मक बैठक सोमवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जन वितरण प्रणाली, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी और खाद्यान्न वितरण की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित समय तक किसी राशन कार्ड में दर्ज सदस्य की आधार सीडिंग अथवा ई-केवाईसी नहीं होने पर ऐसे सदस्यों के नाम राशन कार्ड से विलोपित करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, ऐसे सदस्यों को खाद्यान्न का लाभ भी नहीं दिया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि अगस्त 2026 में जिले में खाद्यान्न वितरण 59.31 प्रतिशत हुआ है। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को वितरण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि जिले की खाद्यान्न वितरण में बेहतर स्थिति बनी रहे।
सितंबर 2026 के खाद्यान्न की राज्य खाद्य निगम के गोदाम से जन वितरण प्रणाली के गोदाम तक आपूर्ति की प्रगति 9.76 प्रतिशत बताई गई। जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, किशनगंज को सितंबर माह के लिए शत-प्रतिशत खाद्यान्न उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
ऑफलाइन आवेदनों की आनलाइन प्रविष्टि का निर्देश
सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को राशन से संबंधित ऑफलाइन प्राप्त आवेदनों की यथाशीघ्र आनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी, किशनगंज को जन वितरण प्रणाली दुकानों की नई अनुज्ञप्ति निर्गत करने से संबंधित सभी प्रक्रियाएं एक सप्ताह के अंदर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी दिलीप कुमार सिंह, जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम मिथिलेश झा सभी सहायक गोदाम प्रबंधक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
==============================================================================================================================================================================================================

