राजधानी हुई पानी-पानी, लगातार होती रही झमाझम बारिश, सड़क पर कमर तक जलभराव; घंटों जाम में फंसे वाहन

राजधानी हुई पानी-पानी, लगातार होती रही झमाझम बारिश, सड़क पर कमर तक जलभराव; घंटों जाम में फंसे वाहन
राजधानी हुई पानी-पानी, लगातार होती रही झमाझम बारिश, सड़क पर कमर तक जलभराव; घंटों जाम में फंसे वाहन

लखनऊ: लखनऊ में मंगलवार को करीब दो घंटे हुई मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया। प्रमुख मार्गों पर घंटों जाम लगा और कई घरों में पानी घुस गया। चिनहट में सड़क धंसने से खतरा बढ़ा। मौसम विभाग ने पांच सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है।

राजधानी में मंगलवार दोपहर करीब दो घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। आसमान में काले बादल छा गए और दिन में ही अंधेरा जैसा नजारा हो गया। तेज बिजली कड़कने के बीच वाहन चालकों को हेडलाइट और डिपर जलाकर गाड़ियां चलानी पड़ीं। लगातार बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव हो गया और यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई।

शहीद पथ, कमता तिराहा, पॉलीटेक्निक और बुद्धेश्वर चौराहा समेत कई प्रमुख मार्गों पर भीषण जाम की स्थिति बन गई। गोमतीनगर और इंदिरानगर में करीब दो फीट तक पानी भरने की सूचना है। कई घरों में भी पानी घुस गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चिनहट समेत कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं।

चिनहट में धंसी करीब 8 फीट सड़क

चिनहट के रोलेक्स अपार्टमेंट के सामने सीवर मैनहोल के पास करीब आठ फीट सड़क धंस गई। सड़क धंसने से मौके पर खतरा बढ़ गया और आवागमन प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक लगातार बारिश और जलभराव के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। सीतापुर रोड योजना के सब्जी मंडी क्षेत्र में भी तेज बारिश के बाद गलियां पानी से लबालब हो गईं। जलभराव इतना बढ़ गया कि कई घरों में पानी घुस गया। लोगों को घरों से पानी निकालने में मशक्कत करनी पड़ी।

अलग-अलग इलाकों में होती रही बारिश

राजधानी में मंगलवार सुबह से ही अलग-अलग इलाकों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह करीब सात बजे मलिहाबाद की तरफ बारिश हुई। इसके बाद करीब 10 बजे जानकीपुरम विस्तार और 11 बजे हजरतगंज में तेज बारिश शुरू हुई। दोपहर करीब ढाई बजे गोमतीनगर, चिनहट और मोहनलालगंज में भी तेज बारिश होने लगी।

आंकड़ों के मुताबिक, एक सितंबर तक लखनऊ में सामान्य बारिश का औसत 523.9 मिलीमीटर है, जबकि अब तक 525.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। यानी सामान्य से 1.6 मिलीमीटर अधिक बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग की ओर से पांच सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी है।

अनुराग यादव (नवोदयन )