थाना गया तेल लेने, पहले यहां आओ - कानपुर देहात में कांवड़ियों और महिला सिपाही में हाईवे पर हंगामा

कानपुर देहात: कानपुर-इटावा नेशनल हाईवे पर रविवार रात उस वक्त हंगामा हो गया जब कांवड़ियों के एक जत्थे और एक महिला सिपाही के बीच तीखा विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि करीब एक घंटे तक हाईवे पर बहस और नारेबाजी होती रही।

क्या है पूरा मामला?
मामला अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक महिला सिपाही औरैया से ड्यूटी के बाद कानपुर की ओर जा रही थीं। रास्ते में उन्होंने एक कार सवार डॉक्टर से लिफ्ट ली थी।

आरोप है कि रास्ते में किसी बात को लेकर उनकी कांवड़ियों के जत्थे से कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि कांवड़ियों ने महिला सिपाही का करीब 30 किलोमीटर तक पीछा किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीछा करते हुए कांवड़ियों ने अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बारा टोल प्लाजा के पास कार को रोक लिया। इसके बाद हाईवे पर ही दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

अभद्रता का आरोप :
कांवड़ियों का आरोप है कि महिला सिपाही ने उनके साथ अभद्रता की और अपशब्दों का इस्तेमाल किया। वहीं महिला सिपाही की तरफ से भी अपनी बात रखी गई है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस क्या कह रही है?
घटना की सूचना पर अकबरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। विवाद की असली वजह क्या थी, इसकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि कार्रवाई किस पर होगी।

फिलहाल हाईवे पर यातायात सामान्य है और पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।